Sagar - नकली शराब के आरोपी चंदू राजा की सरपंच बहू का राज खत्म करने की तैयारी, कलेक्टर ने की बड़ी कार्रवाई
सागर में जहरीली शराब बनाने वाले आरोपी चंदू राजा की सरपंच बहू का नौराज पंचायत से राज समाप्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। पंचायत में शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने सरपंच राजकुमारी राजपूत के वित्तीय अधिकार छीन लिए हैं। वहीं सरपंच को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सरपंच राजकुमारी राजपूत आरोपी चंदू राज के छोटे भाई पुरुषोत्तम राजपूत की पत्नी है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पंचायत विभाग की जांच में शाहगढ़ जनपद की नौराज ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर 7.49 लाख रुपए गबन का मामला सामने आया है। जनपद द्वारा की गई जांच में सामने आया कि 15वें वित्त आयोग और मनरेगा मद के तहत स्वीकृत तीन बड़े निर्माण कार्यों में बिना कोई काम कराए ही राशि आहरित कर ली गई। ग्राम पंचायत सचिव डालसिंह लोधी के बयानों और दस्तावेजों की पड़ताल से फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई है।
ततरवारा गांव में प्राइमरी स्कूल के पास 3.81 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत सामुदायिक स्वच्छता परिसर के मद से बिना मूल्यांकन कराए 1 लाख 91 हजार 67 रुपए निकाले गए, जबकि मौके पर कोई निर्माण नहीं पाया गया।
नौराज में कौशल्या के घर से केवलारी परिवार के घर तक 5.87 लाख रुपए की सीसी रोड स्वीकृत हुई थी। बिना सड़क बनाए व मूल्यांकन के 278167 रु. निकाले गए।
7 लाख की लागत से स्वीकृत स्टॉपडेम के नाम पर 279845 रुपए निकाले गए। अधिकारी जब जांच करने मौके पर पहुंचे तो स्टॉपडेम का कोई वजूद ही नहीं मिला।