सागर शराब मामले में शिवांजय का शॉर्ट एनकाउंटर, सागर एसपी ने दी जानकारी।
सागर के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 30 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने रविवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम को देखकर तीन फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। एक गोली शिवांजय के पैर में लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सागर एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक पुलिस को तड़के सूचना मिली थी कि बंडा शराबकांड का आरोपी शिवांजय राजपूत उत्तर प्रदेश की तरफ से होते हुए अपने गांव छापरी पहुंचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर बहरोल और बांदरी थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और कठुआ नाला के पास जंगल में सर्चिंग शुरू की।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे टीम का आरोपी से आमना-सामना हुआ। पुलिस ने उसे रुकने और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन वह कथित तौर पर गाड़ी छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर तीन फायर किए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग में शिवांजय के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा और तीन खाली कारतूस, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। शिवांजय बंडा के छापरी गांव का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक शराबकांड में उसकी सप्लाई नेटवर्क में अहम भूमिका थी। वह मामले के आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शिवांजय पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और शराबकांड में उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में पुलिस ने अब तक 33 आरोपियों को मामले में नामजद किया है, जिनमें 19 गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस के मुताबिक शराब तैयार करने से लेकर गांवों तक सप्लाई करने तक अलग-अलग लोगों की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि ततरवारा में चंदू के खेत में नकली शराब तैयार की गई और फिर उसे ‘सागर गोल्ड’ के नाम से आसपास के गांवों में पहुंचाया गया। मौतों का सिलसिला शुरू होने के बाद करीब 25 पेटियां जलाने और शराब बनाने की सामग्री नाले में बहाने की कोशिश किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। सागर शराबकांड में लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बीच अब 30 हजार के इनामी शिवांजय की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम मानी जा रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर कथित शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।