Sagar - नकली शराब से अब तक 37 के साथ अनहोनी, पंचायत सचिव सहित दो ने और दम तोड़ा
सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ जहरीली शराब मामले में शनिवार को दो और लोगों की मौत हो गई। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में 6 दिन से भर्ती मुड़ारी बुजुर्ग पंचायत सचिव अजय लोधी (30) और विनोद रजक (50) ने दम तोड़ दिया।
अब जहरीली शराब से जान गंवाने वालों की संख्या 37 हो गई है। हालांकि प्रशासन अभी 18 मौत ही स्पष्ट कर रहा है जगथर गांव निवासी अजय की मौत का 7 साल का एक बेटा है। अजय की पत्नी की भी 3 साल पहले मौत हो चुकी है।
इधर, प्रशासन ने मास्टरमाइंड मनीष और सिद्धार्थ से जुड़ी बरेठी, मगरधा, विनायका और बहरोल शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। इन दुकानों पर 6 से 7 करोड़ रुपए लाइसेंस फीस बकाया है। इसकी वसूली अमानत राशि और जमा चेकों से की जाएगी।
इधर, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित मजिस्ट्रेट जांच का नोटिफिकेशन जारी हो गया है। हाई कोर्ट के रिटायर जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह चौहान 3 महीने में सरकार को रिपोर्ट सौंपेंगे। जांच में आरोपियों के पास बड़ी संख्या में अवैध हथियार होने की जानकारी मिली है। पुलिस को आशंका है कि नौराज-ततरवारा के बीच करीब 30 फीट गहरे खेत-तालाब में हथियार व शराब के कार्टन फेंके गए हैं। शनिवार सुबह से ट्रैक्टर पंप लगाकर तालाब खाली कराया जा रहा है