Sagar- खेलते समय खदान में डूबे दो मासूम सगे भाइयों की मौत, क्षेत्र में पसरा मातम
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के भापेल गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बारिश के पानी से भरी खदान में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान जागेंद्र और गजेंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक भापेल गांव के गोढ़ीखैर क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान मुरम निकाले जाने से एक गहरी खदान बन गई थी। बारिश के बाद इस खदान में पानी भर गया। बताया जा रहा है कि इसी पानी में डूबने से दोनों मासूम भाइयों की जान चली गई। दोनों बच्चों के पिता विनोद आदिवासी खदान के पास झोपड़ी बनाकर रहते हैं।
हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खेलते समय खदान तक पहुंच गए थे। कुछ देर बाद उनके डूबने की जानकारी सामने आई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने जिला चिकित्सालय के अधिकारियों से फोन पर समन्वय कर दोनों बच्चों के पोस्टमार्टम की व्यवस्था कराई। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस मुश्किल समय में परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक प्रदीप लारिया ने संबंधित अधिकारियों को दोनों बच्चों के परिजनों को नियमानुसार 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से सहायता जल्द उपलब्ध कराने को कहा। एक साथ दो मासूम बेटों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भापेल की यह दर्दनाक घटना एक बार फिर बारिश के पानी से भरी खुली खदानों और गड्ढों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है, जबकि परिवार को अब शासन से मिलने वाली सहायता का इंतजार है।