स्टेट हाईवे मालथौन-बीना रोड पर बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ दुकानदारों का हल्लाबोल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के मालथौन में टोल प्लाजा के आसपास हुई बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ अब छोटे दुकानदार सड़क पर उतर आए हैं। कार्रवाई से प्रभावित 50 से ज्यादा दुकानदारों ने मालथौन-खिमलासा रोड पर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जताया। दुकानदारों का कहना है कि अचानक हुई कार्रवाई ने उनका रोजगार छीन लिया और लाखों रुपये का नुकसान हो गया। दरअसल, शुक्रवार को मालथौन टोल प्लाजा के आसपास प्रशासनिक अमला पुलिस बल और तीन बुलडोजर के साथ पहुंचा था। कार्रवाई के दौरान कई छोटी दुकानों को जमींदोज कर दिया गया। प्रभावित दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें अचानक कार्रवाई का सामना करना पड़ा और कई लोग अपनी दुकानों से सामान तक नहीं निकाल पाए। कार्रवाई के बाद चाय-नाश्ता, पंचर, फोटो कॉपी, भजिया-समोसा सहित छोटे कारोबार करने वाले लोग बेरोजगार हो गए।
पीड़ित दुकानदारों ने स्टेट हाईवे मालथौन-बीना रोड पर प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे छोटी-छोटी दुकानें चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दुकानदारों ने प्रशासन से कार्रवाई से हुए नुकसान की भरपाई, दुकानों को दोबारा स्थापित करने और रोजगार का साधन वापस देने की मांग की है। दुकानदारों का आरोप है कि कार्रवाई बिना नोटिस के की गई। उनका कहना है कि शराब माफिया और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन उसकी आड़ में छोटे दुकानदारों के रोजगार पर बुलडोजर चलाना उचित नहीं है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने क्षेत्र में जुआ, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर भी प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार रामप्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की और उनका ज्ञापन लिया। तहसीलदार ने दुकानदारों को उनकी मांगों पर एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञापन को वरिष्ठ अधिकारियों के पास भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मालथौन में बुलडोजर कार्रवाई के बाद दुकानदारों का विरोध अब प्रशासन तक पहुंच गया है। एक तरफ प्रशासन अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहा है, तो दूसरी तरफ प्रभावित दुकानदार अपने रोजगार और नुकसान की भरपाई की मांग पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन एक सप्ताह के भीतर इनकी मांगों पर क्या फैसला लेता है।