सागर- अलसुबह हरसिद्धि मंदिर चोरी, 21 चांदी के झूमर, मुकुट, सोने की माला चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला सामने आया है। जब मंदिर के पुजारी के पिता सुबह के समय पूजा करने पहुंचे तो नज़ारा देखकर उनके होश उड़ गए। क्योंकि हरसिद्धि माता मंदिर के ताले टूटे पड़े हुए थे। अज्ञात चोर चोरी करके चंपत हो गया था। बताया गया की मंदिर में घुसा चोर 21 चांदी के झूमर, मुकुट और सोने की माला चुरा ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हालांकि इसमें चोर का चेहरा साफ़ नहीं है। घटना के बाद से लोगों में आक्रोश है। ये पूरी वारदात गौरझामर थाना अंतर्गत जनकपुर मिर्जापुर गांव स्थित हरसिद्धि माता मंदिर से सामने आई है। जहां 12 सितंबर की अलसुबह करीब पांच बजे मंदिर में सेंध लगाई गई। शिकायत के बाद अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।
शिकायतकर्ता हनुमत विश्वकर्मा ने गौरझामर थाना पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक बीते 11 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह रामजी लोधी, प्रियंका गौड़, दीपाली गौड़ और अमोल लोधी के साथ मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट आए थे। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे नन्हे गौड़ मंदिर में पूजा करने पहुंचे। लेकिन ताले टूटे देख हैरान रह गए। तत्काल पुजारी को सूचना दी गयी। जब पुजारी मौके पर पहुंचे तो देखा की कीमती आभूषण गयाब थे। जिनमें 21 चांदी के झूमर, एक बड़ी चांदी की झूमर, जिसका वजन करीब 500 ग्राम बताया गया। एक चांदी का मुकुट करीब 100 ग्राम, 10 गुरियों वाली सोने की माला जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है वहीं कान्हा जी का चांदी का मुकुट भी शामिल है।
ग्रामीणों के साथ गौरझामर थाने पहुंचे पुजारी ने शिकायत की। जिस पर पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की है। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के संभावित स्थानों की जांच के अलावा सीसीटीवी फुटेज, घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। वहीं लोगों की मांग है की चोर को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाए।