अतिक्रमण पर चला प्रशासन का एक्शन, स्कूल-अस्पताल के पास गुमटियां हटाईं; अहाता भी मुक्त
सागर जिले के गौरझामर में शासकीय जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने शासकीय स्कूल और अस्पताल के आसपास बनी अवैध गुमटियों को हटाया। इसके साथ ही शराब दुकान के पास बनाए गए अवैध अहाते और गुमटियों को भी हटाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले के साथ भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। दरअसल, शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सागर जिले में प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर को गौरझामर थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने सबसे पहले शासकीय स्कूल और अस्पताल के आसपास का जायजा लिया, जहां सरकारी जमीन पर बनी गुमटियों को हटाने की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा शराब दुकान के पास बनाए गए कथित अवैध अहाते और गुमटियों पर भी प्रशासन का एक्शन देखने को मिला। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और संबंधित स्थल को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अमले और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। यह कार्रवाई सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी अरुण कुमार उइके के मार्गदर्शन में की गई। वहीं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुनौवर खान के निर्देशन में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान गौरझामर थाना प्रभारी निरीक्षक नसीर फारुकी, नायब तहसीलदार चंद्रभान सिंह दीवान, राजस्व अमला और थाना पुलिस मौजूद रही। प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के साथ सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है। गौरझामर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब प्रशासन का फोकस अन्य सरकारी जमीनों पर किए गए अतिक्रमण पर भी हो सकता है। सवाल यही है कि आने वाले दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का यह अभियान कितनी तेजी से आगे बढ़ता है।