ज्वाला बनकर भड़क रही बंडा से निकली आग, महिलाओं ने थाने में भजन गाकर पुलिस को सुनाई खरी-खोटी !
सागर के बंडा से निकली आग प्रदेश भर में ज्वाला बनाकर भड़क रही है। जो महिलाएं पहले घरों तक सीमित थी वही महिलाएं अब सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। शराब के खिलाफ अभियान छेड़े हुए हैं। इसी बीच एक अनोखा विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। थाने पहुंची महिलाओं ने यहां बैठकर न सिर्फ भजन गाये बल्कि पुलिस को भी जमकर खरी खोटी सुना दी। इसके अलावा नारेबाजी करते हुए अवैध शराब दुकान हटाए जाने की मांग की। ये तस्वीरें शिवपुरी जिले के खनियाधाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गूडर की हैं। जहां महिलाओं द्वारा अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। आदिवासी महिलाओं ने एक स्वर में शराब दुकान हटाने की आवाज बुलंद की।
जानकारी के मुताबिक गांव की आदिवासी महिलाओं और ग्रामीणों ने अवैध जहरीली कच्ची शराब और बस्ती के बीच खुली सरकारी शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अपनी मांगों को लेकर थाने पहुंची महिलाओं ने गुस्से और आस्था का ऐसा संगम दिखाया कि पुलिस भी हैरान रह गई। महिलाओं ने थाने में भजन गाये वहीं शराब का विरोध भी किया l
तहसीलदार निशिकांत जैन और थाना प्रभारी संजय सिंह किरार को ज्ञापन सौंपने के बाद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा l थाने के अंदर महिलाओं ने अवैध शराब बंद करो और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मामले में खनियाधाना तहसीलदार निशिकांत जैन का कहना है की पुलिस और आबकारी टीम के माध्यम से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।