Sagar- शराब की सप्लाई और बिक्री के पूरे नेटवर्क पर लगे रोक, अवैध शराब पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा
सागर जिले के बंडा में होने वाली घटना ने सारे प्रदेश को झखझोर के रख दिया है। जगह-जगह शराब को बंद करने की मांग तेज हो गयी है। लगातार प्रदर्शन भी किये जा रहे हैं। बंडा में जहरीली शराब मामले के बाद अब खुरई में भी अवैध शराब के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस शहर और ग्रामीण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने अवैध शराब पर रोक और बंडा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
खुरई में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया की क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और होम डिलीवरी लगातार जारी है। नेताओं ने बंडा शराब कांड की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग की है। कांग्रेस ने बंडा घटना से प्रभावित परिवारों को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और मृतकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।
शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाकिर खान और ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष हरविंदर सिंह चावला ने आरोप लगाया की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार बढ़ रहा है। उन्होंने शराब की सप्लाई और बिक्री के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर अवैध शराब पर तत्काल रोक नहीं लगी और बंडा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेसियों ने नायब तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब पर रोक और बंडा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।------