गांव का मुख्य रास्ता पानी में डूबा, ट्यूब के सहारे महिला को निकाला, जोखिम भरा सफर करने मजबूर लोग !
आसमान से बरसता पानी, सड़कों से बहता पानी का सैलाब, कई इलाके ऐसे जो तालाब बन चुके हैं। ज़िंदगी की रफ़्तार मानो थम सी गयी है। आलम कुछ ऐसा है की ट्यूब ही सहारा है जिसके सहारे किनारे पार लग रहे हैं। एक घायल महिला को भी इसी तरह से ले जाना पड़ा तब वह अस्पताल पहुंच सकी। यही नहीं अन्य लोग भी ट्यूब के सहारे एक जगह से दूसरी जगह जा रहे हैं। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सोन नदी पार कर रहे हैं। क्योंकि रपटा जलमग्न है। जिसका वीडियो सामने आया है। मामला मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र का है।
बताया गया की बारिश के बाद हालात हैरान करने वाले हैं। लोगों को इलाज के लिए भी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। दीपैरा ग्राम पंचायत के मंकूदा गांव में घायल महिला को खटिया समेत ट्यूब पर बैठाकर उफनती सोन नदी पार कराई गई। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल मंकूदा गांव सोन नदी के कारण दो हिस्सों में बंटा हुआ है। गांव के लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता सोन नदी पर बना रपटा है। जो लगातार बारिश से जलमग्न हो गया है। जिससे ट्यूब ही सहारा है।
जानकारी के मुताबिक मंकूदा गांव निवासी कोकिला कुशवाह घर में गिरकर घायल हो गई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए कैलारस अस्पताल ले जाने निकले। लेकिन रपटे पर पानी भरा होने से रास्ता बंद था। जिसके बाद ग्रामीणों ने महिला को खटिया समेत ट्यूब पर बैठाया और नदी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया। लोगों की माने तो यह रास्ता अस्पताल, स्कूल, बाजार और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। बारिश के दिनों में एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाएं भी गांव तक नहीं पहुंच पाती। कुछ दिन पहले ट्यूब से नदी पार करते समय एक बच्चा नदी में गिर गया था। जिसे ग्रामीणों ने बचाया था।
ग्रामीणों ने कई बार सोन नदी पर स्थायी और ऊंचे पुल के निर्माण की मांग की। लेकिन समाधान नहीं हुआ। हर साल यही स्थिति बनती है। सवाल आखिर वही है की कब तक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।