सागर- बंडा मामले से सबक, शराब दुकान के सामने चल रहे अवैध अहाते को हटाया, टीआई ने दी नसीहत !
सागर के बंडा की घटना से सबक लेते हुए प्रशासन अब किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। देवरी नगर में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए शराब दुकान के सामने बने टपरों को हटा दिया है। बताया गया की यहां सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और अवैध रूप से चल रहे अहाते के खिलाफ कार्यवाई की गयी है।
बंडा में जहरीली शराब कांड की घटना के बाद शासन-प्रशासन अवैध शराब के विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन को लेकर सख्ती बढ़ा रहा है। इसी को लेकर सरकारी जमीन और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया के निर्देशानुसार चल रही कार्रवाई के तहत देवरी बस स्टैंड के पीछे स्थित शराब दुकान के सामने सड़क किनारे रखे गए टपरों को हटाया गया।
जानकारी के मुताबिक शराब दुकान के सामने रखे गए इन टपरों का उपयोग कथित तौर पर अहाते के रूप में किया जा रहा था। यहां शराब का सेवन करने वाले लोगों को पानी, डिस्पोजल और स्नेक्स उपलब्ध कराया जाता था। यहां शराबियों के जमावड़े और सार्वजनिक रूप से शराब सेवन की शिकायतें भी सामने आती रही थीं। जिसके बाद कार्यवाई की गयी। इस दौरान थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने साफ शब्दों में हिदायत दी की सार्वजनिक स्थानों और सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से अहाता संचालित करने, शराब का सार्वजनिक रूप से विक्रय करने या सेवन करवाने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।