Sagar- शराब दुकान के खिलाफ सड़कों पर गुस्सा, महिलाएं बोली बंद करो दुकान, फिर पहुंची पुलिस
सागर के बंडा की दुखद घटना के बाद अब लोग मुखर हो गए हैं। लगातार शराब दुकानों को बंद किये जाने की मांग तेज होती जा रही है। इसी तरह बीना के बारधा गांव में भी महिलाओं का गुस्सा देखने को मिला। सड़क पर उतरी महिलाओं ने शराब दुकान पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरपंच भी मौजूद रहे। विरोध और हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शराब दुकान को बंद करने की गुहार लगाई।
महिलाओं की माने तो शराब की वजह से घरों में विवाद बढ़ रहे हैं आये दिन माहौल खराब होता है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। साथ ही अन्य तरह के विवादों की स्थिति भी बनती है। काफी देर चल हंगामे के बाद पुलिस टीम ने लोगों को शांत कराया साथ ही आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है की बारधा गांव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि उनके पति दिन भर मेहनत कर कमाई करते हैं। लेकिन काफी पैसा शराब में ही चला जाता है। जिससे घरों में राशन से लेकर बच्चों की पढ़ाई, पालन पोषण और दूसरे खर्चों के लिए भी रूपये नहीं बचते हैं।
इसके अलावा शराब की वजह से विवाद की स्थिति बनती है परिवार में माहौल बिगड़ता है। इसी को लेकर महिलाओं ने जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर शराब दुकान बंद कराने की मांग की है। इस दौरान सरपंच राम नरेश राजपूत, रिंकी भट्ट, रोशनी अहिरवार समेत बड़ी संख्या में महिला समूहों की महिलाएं शामिल रहीं।------