सागर- काम छोड़कर नेता जी पहुंचे सड़कों के गड्ढे भरने, फावड़ा-कन्नी थामकर खुद भरने लगे गड्ढे
एक नेता जी जिन्होंने लोगों की परेशानियों को देखते हुए काम धाम छोड़ा और फावड़ा-कन्नी थामकर सड़क पर उतर गए। जो सड़क पर हुए गड्ढों को भरने लगे। खुद ही मसाला डाला और गड्ढों को भर दिया। ताकि हादसे से किसी परिवार की खुशियां न छिन जाएं। ये तस्वीरें सागर के गढ़ाकोटा की हैं। जहां नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी कर्मचारियों के साथ सुधार कार्य करते नज़र आये। वह अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और सागर-दमोह मार्ग के गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया। उन्होंने खुद फावड़ा थामकर गड्ढों में सामग्री डाली और कर्मचारियों के साथ श्रम किया।
दरअसल सागर-दमोह मार्ग पर लंबे समय से बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के चलते स्थिति और गंभीर हो गई थी। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती थी। जिससे तेज गति से आने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों की परेशानी और सड़क हादसे की आशंका को देखते हुए मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे और तत्काल गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी का ऐसा मानना है की सड़क पर दिखाई देने वाला एक छोटा-सा गड्ढा भी किसी परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। बारिश में पानी से भरे गड्ढे और ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। वाहन चालक को अचानक गड्ढा दिखाई न देने पर संतुलन बिगड़ सकता है और गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा की उनके पास लोगों के लगातार फोन आ रहे थे जहां लोगों ने इस परेशानी को बताया। जिसके बाद कर्मचारियों के सहयोग से वह खुद सड़क पर गड्ढे ठीक करने लगे।------
इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया की नगर के अन्य हिस्सों में भी क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को चिन्हित किया जाए। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उनका सुधार कराया जाए। ताकि बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।