एक रात, आधादर्जन घरों में चोरी, लाखों के गहने और नगदी चुराए, कृषि मंत्री के पैतृक गांव में वारदात !
एक ही रात में चोरों ने चार अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए कई लाखों की चोरी की वारदात कर सनसनी फैला दी। दीवार में छेद करने के बाद घरों में सेंध लगाकर अज्ञात चोर 37 तोला से ज्यादा सोने के गहने, करीब एक किलो चांदी और 64 हजार रूपये नगदी चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत 50 लाख से ज्यादा बताई जा रही है। हैरानी की बात ये है की जिस गांव में चोरी हुई वह प्रदेश के कृषि मंत्री का पैतृक गांव है। मुरैना जिले के सरायछौला थाना अंतर्गत नायकपुरा गांव में चोरी की घटना हुई। चार में से तीन घर तीन एक ही परिवार के हैं।
घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पीड़ित परिवारों की माने तो रात करीब एक बजे तक गांव में लोग जाग रहे थे। इसके बाद रात एक बजे से तीन बजे के बीच चोरों ने एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाया। नायकपुरा मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना का पैतृक गांव है। .
बताया गया की चोर सबसे पहले नायकपुरा निवासी मानसिंह कंसाना के घर में घुसे। दीवार में सेंध लगाते हुए अंदर पहुंचे। यहां से करीब आठ तौला सोने के गहने और आधा किलो चांदी के पुराने गहने चोरी कर लिए। जिसमें करीब पांच तोला का सीतारानी हार, दो तौला की सोने की चेन और एक तौला की पुरानी चेन शामिल है। इसके बाद चोर पास में रहने वाले मानसिंह के चचेरे भाई योगेंद्र सिंह कंसाना के घर में दाखिल हुए। जहां सबसे बड़ी चोरी को अंजाम दिया। योगेंद्र सिंह के घर से करीब 22 तौला सोने के गहने और 64 हजार रुपये की नगदी चुराई। जिनमें कई गहने हैं।
वहीं अरविंद सिंह कंसाना के घर में घुसे चोरों ने करीब छह तौला सोने के गहने चोरी किए। जो उनकी बेटी प्रियंका के बताए जा रहे हैं। वह कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल मथुरा से मायके आई थीं। इसके अलावा पास ही स्थित परिमाल सिंह कंसाना के घर से भी गहने और नगदी चुराई।
एक ही रात में लगातार चार घरों में हुई चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने गांव के ही किसी व्यक्ति की भूमिका की आशंका जताई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।