पैसों की बात पर बुआ-मामा के बेटे आये आमने-सामने, तड़ातड़ चली गोलियां, सड़कों पर बिखरे थे खाली कार तूस !
पैसों की बातचीत को लेकर मामा और बुआ के बेटों में जमकर विवाद हो गया। वो भी कोई ऐसा-वैसा नहीं बल्कि ऐसा की तड़ातड़ गोलियां चल गयी। अपनों ने ही अपनों का खून बहाया। आलम ऐसा था की सड़कों पर खाली कारतूस बिखरे पड़े हुए थे जिन्हे पुलिस ने बटोरा। गोलियों की गूँज से इलाका थर्रा उठा। घर की दीवारों में गोलियों के निशान थे। घटना के कथित वीडियो भी सामने आये हैं। ये खूनी संघर्ष मुरैना जिले के रिठौरा थाना क्षेत्र में हुआ।
बताया गया की बरहावली गांव में हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग होती रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सड़क पर दर्जनों खाली कारतूस बिखरे मिले। इस दौरान तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए नूराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरहावली गांव के पवन सिंह कंसाना के मुताबिक वह कुछ समय पहले एनसीएक्स ट्रेडिंग कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी बुआ के बेटे विश्वनाथ और शिवराज गुर्जर भी इस कंपनी में पैसा लगाते थे। करीब तीन साल तक मुनाफा मिला, लेकिन बाद में कंपनी में घाटा हो गया। जिसका जिम्मेदार बताते हुए पवन सिंह से रकम वापस मांगने और जमीन में हिस्सा लेने की धमकी दी जा रही थी। इसी विवाद को खत्म करने भिंड के गोहद में समाज की पंचायत भी हुई। लेकिन सहमति नहीं बन सकी। पंचायत के बाद पवन सिंह और उनका परिवार गांव लौट आया।
वह पुलिस सुरक्षा में गांव पहुंचे थे। लेकिन गांव आने के कुछ देर बाद ही छह गाड़ियों में सवार होकर 20 से ज्यादा लोग वहां पहुंच गए। आरोप है की उनके हाथों में बंदूक, कट्टे, लाठी, फरसा और कुल्हाड़ी थीं। जिन्होंने पहले ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद घर में घुसकर लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिसमें अजीत सिंह कंसाना, दिलीप सिंह कंसाना और नारायण सिंह कंसाना घायल हुए। जिन्हे अस्पताल भेजा गया था। आरोप है की करीब आधे घंटे तक फायरिंग होती रही। वहीं ऐसी भी जानकारी है की दोनों तरफ से गोलियां चली।
सामने आये कथित वीडियो में घरों की दीवारों और अन्य हिस्सों में गोलियों के निशान दिखाई दे रहे हैं। सड़कों पर कारतूस बिखरे थे। एक वीडियो में गोलियों की आवाज सुनी जा सकती है। पवन सिंह ने विश्वनाथ गुर्जर, शिवराज गुर्जर, विक्की गुर्जर और मुरैना एसएएफ में पदस्थ बताए जा रहे रामेंद्र सिंह गुर्जर पर फायरिंग का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर की है सम्बंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।