Sagar- राहतगढ़ में लालबाग के राजा की भव्य अगवानी, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल |
सागर जिले के राहतगढ़ में गणेश उत्सव के मौके पर आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। यहां लालबाग के राजा भगवान श्री गणेश की भव्य अगवानी की गई। पहली बार लालबाग के राजा की अगवानी मुक्तिधाम भूतेश्वर मंदिर से शुरू हुई, जिसमें नगर के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भव्य शोभायात्रा के दौरान पूरा राहतगढ़ गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। लालबाग के राजा की अगवानी की शुरुआत मुक्तिधाम भूतेश्वर मंदिर से हुई।
सबसे पहले यहां विराजमान भगवान मुक्तिधाम भूतेश्वर की डमरू दल द्वारा विशाल महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और धार्मिक उत्साह के बीच लालबाग के राजा की भव्य अगवानी शुरू हुई।
शोभायात्रा में जय विश्वनाथ डमरू दल, नंदिनी धमाल, गोरिल्ला इवेंट, महाकाल डीजे, मां शारदा बैंड पार्टी, दिल-दिल घोड़ी, ढोल-नगाड़े और अखाड़ों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। यात्रा नगर के जिन-जिन मार्गों से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भव्य अगवानी के दौरान रंगीन आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं डीजे पर बज रही धार्मिक धुनों पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। पूरे रास्ते ‘जय गणेश’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के साथ चलते नजर आए।
लालबाग के राजा की अगवानी में मनमोहक झांकियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। अलग-अलग प्रस्तुतियों और धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजकों के मुताबिक राहतगढ़ में यह पहली बार है, जब लालबाग के राजा की भव्य अगवानी मुक्तिधाम भूतेश्वर मंदिर से प्रारंभ हुई। आयोजन में नगर के हजारों लोगों की सहभागिता रही। भक्ति, उत्साह और आस्था से सराबोर राहतगढ़ में लालबाग के राजा की भव्य अगवानी ने गणेश उत्सव की रौनक बढ़ा दी। महाआरती से लेकर शोभायात्रा और आकर्षक झांकियों तक, हर जगह गणपति बप्पा की भक्ति का रंग देखने को मिला।