पेड़ की डाल गिरने से भरभराकर ढही दीवार, नीचे दबने से नहीं बच सकी महिला, नज़ारा कैमरे में कैद
पेड़ की कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी भरकम पेड़ की डाल एक दीवार पर गिरी। दीवार कमजोर थी जिससे वह भरभराकर ढह गयी और एक महिला इसकी चपेट में आ गयी जिससे उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है की 70 साल की बुजुर्ग महिला पास ही काम कर रही थी। तभी हादसा होने से उनकी जान चली गई। कैमरे में कैद हुआ ये नज़ारा ग्वालियर जिले के पॉश टाउनशिप विंडसर हिल से सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक विंडसर हिल में पेड़ की कटाई-छंटाई की जा रही थी। तभी दुखद हादसा हो गया। पेड़ की भारी डाल दीवार पर जा गिरी। संभवतः दीवार कमजोर थी। उसी समय नीचे काम कर रही महिला सावित्री वंशकार के ऊपर दीवार जा गिरी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की सीपीआर दिया गया। विंडसर हिल के स्टाफ द्वारा उन्हें ट्रॉमा सेंटर भी पहुंचाया गया। लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
बताया गया की सावित्री वंशकार सिरोल के पास जाटव मोहल्ले में रहती थीं। जो विंडसर हिल में माली का काम करती थीं। हादसे के बाद विंडसर हिल के कॉलोनी प्रबंधन और मेंटिनेंस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रहवासियों द्वारा पहले भी कॉलोनी के रखरखाव को लेकर नाराजगी जताए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।------