सागर-घर सूना छोड़ गए, लौटे तो टूटा ताला! तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में सूने घर और जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक 17 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में एक अन्य चोरी की वारदात में शामिल होने की बात भी सामने आई है। मामला केशवगंज वार्ड का है, जहां 59 वर्षीय देवेन्द्र साहू अपनी पत्नी के साथ 5 सितंबर को वृंदावन और खाटूश्याम की यात्रा पर गए थे। 11 सितंबर की सुबह जब दंपती वापस घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा मिला।
जांच करने पर सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमकी, चेन, अंगूठी, टॉप्स और सोने की गुरिया सहित चांदी की पायल, चेन, बिछिया और सिक्के गायब मिले। इसके बाद मामले की शिकायत मोतीनगर थाने में दर्ज कराई गई। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिलने पर सूरज अहिरवार, प्रिंस उर्फ गरी अहिरवार और 17 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने देवेन्द्र साहू के घर में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 70 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया।
इतना ही नहीं, पूछताछ में 26 अप्रैल की रात मंगलगिरी पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से बड़ी दान पेटी चोरी करने की वारदात में शामिल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी कनेक्शन तलाश रही है। मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत और पुलिस टीम की कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।