सागर- शराब कांड मामले में बंडा पहुंचे NHRC कानूनगो,पीड़ित परिवारों से मिले, मुआवजे की कही बात
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई दुखद घटना में कई लोग काल के गाल में समा गए। एक तरफ जहां प्रशासन करीब 22 जान जाने की बात कर रहा है वहीं बताया ये जा रहा है की ये आंकड़ा 40 के पार पहुंच गया है। अब इस मामले को संज्ञान में लेते हुए राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो बंडा स्थित जगथर और गूगरा खुर्द गांव पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की साथ ही लोगों से बातचीत करते हुए जानकारी ली। कितने परिवार प्रभावित हुए। किन परिवारों में से किन किन लोगों की शराब पीने की वजह से जान गयी है। और मुआवजे को लेकर उन्होंने जानकारी ली साथ ही प्रशासन को मुआवजा राशि दिये जाने की बात कही।
बता दें की बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में ज़हरीली शराब का सेवन करने से कई लोगों की जान चली गई थी। जिसको लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो जगथर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने पीड़ित परिवार से सीधे मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही उनके बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके बाद वह गूगरा खुर्द पहुंचे। जहां प्रियंक कानूनगो ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। इस दौरान ग्रामीणों ने मृतक परिवारों को मुआवजा राशि मिलने में आ रही समस्याओं को सामने रखा। NHRC सदस्य ने 22 मृतक परिवारों को 4-4 लाख रुपये साथ ही अन्य पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की मुआवजा राशि दिए जाने की बात रखी।