हीरों की होड़, पन्ना की रूंझ नदी में उमड़ी सैकड़ों की भीड़ और फिर वन विभाग ने खदेड़ा | SAGAR TV NEWS
मध्य प्रदेश का पन्ना... जो दुनिया भर में अपने हीरों के लिए जाना जाता है। बारिश शुरू होते ही यहां एक बार फिर नदी-नालों की चाल में हीरे तलाशने वालों की भीड़ जुटने लगी है। पन्ना के रूंझ नदी क्षेत्र में सैकड़ों लोग हीरा मिलने की उम्मीद लेकर पहुंच गए। कोई नदी की रेत और मिट्टी खंगालता नजर आया, तो किसी ने टेंट लगाकर नदी किनारे डेरा जमा लिया। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटा दिया। तस्वीरें पन्ना के विश्रामगंज रेंज की हैं, जहां रूंझ डैम के डूब क्षेत्र के पास रूंझ नदी की चाल में अचानक लोगों की भीड़ दिखाई दी। बारिश के बाद नदी में हीरे मिलने की उम्मीद में बुंदेलखंड के अलग-अलग इलाकों से लोग यहां पहुंचे थे।
बांदा, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और दमोह सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लोग नदी की चाल में मिट्टी और रेत को छानकर हीरे तलाश रहे थे। कई लोगों ने तो मौके पर अस्थायी टेंट लगाकर डेरा तक जमा लिया। हीरे की तलाश करने वालों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। पन्ना की श्याम बाई बताती हैं कि वह कई वर्षों से बारिश के बाद नदी में हीरे तलाशने आती हैं। उनके मुताबिक छोटे पत्थर तो मिल जाते हैं, लेकिन बड़े हीरे की तलाश अब तक पूरी नहीं हुई। वहीं पुराना पन्ना की पार्वती कोदर ने बताया कि इस बार उन्हें काफी परेशानी हुई और वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें नदी क्षेत्र से हटा दिया।
वन क्षेत्र में इस तरह बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। इलाके में जहरीले जीव-जंतुओं और जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विश्रामगंज रेंजर राहुल सिंह सिकरवार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लोगों को समझाइश दी और नदी किनारे जमा भीड़ को हटाकर पूरे क्षेत्र को खाली कराया। पन्ना की धरती पर हीरे की चमक लोगों को दूर-दूर से खींच लाती है, लेकिन इस चमक की तलाश में जान जोखिम में डालना कितना सुरक्षित है, यह बड़ा सवाल है। फिलहाल वन विभाग ने रूंझ नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।