सागर- कलेक्टर अचानक पहुंची हॉस्टल का निरीक्षण करने, बच्चे की हुनर की कायल हुईं,संगीत सिखाने के दिए निर्देश
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ऐसे बच्चों के बीच पहुंची जो शारीरिक रूप से कमजोर हैं उनकी पढ़ाई कैसे हो रही है। उन्हें क्या-क्या सुविधाएं मिल रही हैं। बच्चों के खान पान की क्या व्यवस्थाएं हैं। सभी चीजों को लेकर जानकारी ली। साथ बच्चों से भी बातचीत की। इस दौरान कलेक्टर की नज़र एक ऐसे दिव्यांग बच्चे पर पड़ी जिसकी संगीत में गहरी रूचि है। उस बच्चे में काफी ललक देखने को मिली साथ ही गज़ब का हुनर भी है जिस पर कलेक्टर ने संगीत के गुण और बारीकियां सिखाने की व्यवस्था करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को जरूरी टूल्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
दरअसल सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल चाइल्ड विद स्पेशल नीड्स (CWSN) छात्रावास का औचक निरीक्षण करने पहुंची थी। जहां उन्होंने बारीकी से व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे दिव्यांग बच्चों की देखभाल, आवास और खान-पान की सुविधाओं को देखा।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए की विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अध्ययन और दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए सभी प्रकार के जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने साफ़ किया की बच्चों के शिक्षा, विकास में किसी भी तरह की कमी न रहे। इसी दौरान एक ख़ास नज़ारा भी देखने मिला। निरीक्षण के समय कलेक्टर की नजर संगीत में गहरी रुचि रखने वाले एक दिव्यांग बच्चे पर पड़ी। बच्चे के हुनर और ललक को पहचानते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की इस बच्चे के लिए संगीत सिखाने की विशेष व्यवस्था की जाए। ताकि उसकी प्रतिभा को और निखारा जा सके। इसके अलावा उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।-