रिश्तेदार के यहां छिपा लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार,पुलिस को चमका देकर हुआ था फरार, TI हुई थी लाइन अटैच
लूटकांड का फरार मुख्य आरोपी जो पुलिस अभिरक्षा में से चकमा देकर भाग निकला था। उसे आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। वह अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था जिसे पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। दमोह जिले के पथरिया का ये वही चर्चित मामला है जिसमें थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को लाइन अटैच किया गया था। जबकि ड्यूटी पर तैनात एसआई संजू सैयाम,प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा और आरक्षक कुलदीप जैन को निलंबित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक पथरिया थाना क्षेत्र के डायमंड सिटी के पास महलवारा निवासी बिहारी सेन उम्र 23 साल के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। जिसके मुख्य आरोपी भोला आदिवासी को पुलिस ने सागर जिले के मालथौन स्थित बरोदिया से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में बीते 6 सितंबर को पथरिया थाने में BNS की धारा 309 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। जिसमें मुख्य आरोपी भोला आदिवासी समेत दो नाबालिगों के नाम शामिल थे। 9 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे आरोपी पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया था। लापरवाही बरतने पर एसपी ने तत्कालीन थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को लाइन अटैच कर नवागत टीआई महेंद्र जगेत को कमान सौंपी थी। वहीं एसआई संजू संयाम, प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा और आरक्षक कुलदीप जैन को निलंबित कर दिया गया था।
मामले में एसडीओपी प्रिया सिंधी और टीआई महेंद्र जगेत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने राजस्थान स्थित (फलौदी) और स्थानीय ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मालथौन के बरोदिया में रिश्तेदार के यहां घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जिसे न्यायालय में पेश किया गया।