पहले बंडा शराब कांड पर गाए गाने पर बवाल, फिर भाजपा नेता की गाड़ी के हूटर पर सवाल, विवादों में नेता जी !
सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब की घटना से कई लोगों की दुखद जानें गयी। लगातार आंकड़ा बढ़ता जा रहा है वहीं दूसरी तरफ दमोह जिले में भाजपा नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बंडा शराबकांड पर गाये गाने पर विवाद हुआ। वहीं अब अध्यक्ष प्रतिनिधि फिर विवादों में घिरते नज़र आ रहे हैं। मामला उनके वाहन पर लगे हूटर का है। दरअसल उनके जन्मदिन के कार्यक्रम के मौके पर जहां बुंदेली गायक महिपाल ठाकुर ने बंडा में शराब को लेकर हुए घटनाक्रम को लेकर कथित विवादित गाना गया। वहीं अब एक और वीडियो सामने आया। जिसमें अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल जिस वाहन में सवार थे, उसमें हूटर लगा हुआ था। वह कई कार्यक्रम में इसी तरह पहुंचे थे। जबकि दमोह जिले के एसपी आनंद कलादगी द्वारा जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध हूटर्स और सायरन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दूसरी तरफ हूटर लगे वाहन से जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि शहर में जन्मदिन और पार्टियों में शामिल होते रहे। सवाल इसलिए क्योंकि प्रतिनिधि को हूटर लगाने का अधिकार नहीं है। इसके अलावा एक बात और भी सामने आई, जो ये है की सोशल मीडिया पर शुभकामना संदेश के बाद जो आभार संदेश भेजे गए। वह अध्यक्ष जिला पंचायत दमोह नाम के पेज से किये गए। सवाल इसलिए उठ रहे हैं की जन्मदिन प्रतिनिधि का था जबकि संदेश अध्यक्ष के पेज से भेजे गए। इस मामले में वीडियो और स्क्रीनशॉट सामने आये हैं।
हालांकि बुंदेली गायक द्वारा अध्यक्ष प्रतिनिधि के जन्मदिन कार्यक्रम पर गाये गए गाने को लेकर प्रतिनिधि का बयान भी सामने आया। जिसमें उन्होंने कहा की गायक ने ये गाना कब गाया इसकी जानकारी नहीं है। उस समय वह वहां मौजूद नहीं थे। आगे कहा की गायक का उद्देश्य ये था की वह लोगों से शराब से बचने की अपील कर रहा है। क्योंकि बंडा में शराब पीने के बाद दुखद घटना हुई थी।
वहीं बुंदेली गायक महिपाल ठाकुर का कहना था की उनका मकसद लोगों को शराब के प्रति समझाना था की बंडा में जहरीली शराब से कई लोगों की जान चली गयी है। इसलिए शराब का सेवन न करें। उन्होंने कहा की गाने को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया। वहीं गायक महिपाल ने खेद व्यक्त करते हुए इस पर माफी भी मांगी है।
बता दें की दमोह जिले पथरिया में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल के पति और अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल के जन्मदिन के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें मंच से गाया गया गाना चर्चाओं में आ गया। बुंदेली लोकगीत कलाकार ने सागर के बंडा में हुई शराब कांड की घटना को लेकर कथित विवादास्पद और हास्यास्पद टिप्पणी वाला गाना गाया था। जिसके बाद वीडियो वायरल हुआ और विवाद खड़ा हुआ। इसके अलावा उनके वाहन में लगे हूटर का वीडियो और आभार संदेश के स्क्रीनशॉट भी सामने आये।-