बस की टक्कर से 3 साल की बच्ची की मौत, बस ने टैक्सी को मारी टक्कर !
एक भीषण सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि टैक्सी ड्राइवर समेत कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हमा काली देवी मंदिर के पास हुआ, जहां छतरपुर से मोरवा जा रही टैक्सी को गुरु कृपा कंपनी की बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बताया जा रहा है कि एमपी के सागर संभाग के छतरपुर में महोबा रोड पर टैक्सी में करीब पांच से छह लोग सवार थे। सभी लोग दिल्ली से छतरपुर के मोरवा गांव आए थे। परिवार के लोग बच्ची की नानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान महोबा रोड पर हमा काली देवी मंदिर के पास उनकी टैक्सी हादसे का शिकार हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार बस ने टैक्सी को जोरदार टक्कर मारी। हादसे में तीन साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टैक्सी ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। टैक्सी में सवार अन्य लोगों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने महोबा रोड पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से दोनों तरफ यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे परिवार पर रास्ते में हुए इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। तीन साल की मासूम की मौत के बाद परिवार सदमे में है। वहीं पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।