काम करते समय 24 साल के युवक को लगा करंट का झटका, गिरा तो उठा ही नहीं,फिर विधायक बैठे धरने पर !
नर्मदा पाइपलाइन प्रोजेक्ट में काम करते समय एक 24 साल का युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसे करंट का इतना जोरदार झटका लगा की उसकी जान चली गयी। जिसके बाद हंगामा हो गया। ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यवाई और मुआवजे की मांग की गयी। खुद कांग्रेस विधायक भी परिजनों के साथ अस्पताल में धरने पर बैठ गए जिससे मामला और गरमा गया। मामला उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र से सामने आया है। बताया गया की नर्मदा पाइपलाइन प्रोजेक्ट में मजदूरी कर रहे 24 साल के आदिवासी युवक की करंट लगने से दर्दनाक जान चली गई। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने सियासत गरमा गई। हादसे की सूचना मिलते ही तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार सिविल अस्पताल पहुंचे और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए।
मृतक की पहचान झाबुआ जिले के थांदला निवासी विजय उर्फ विजेश मैड़ा के रूप में हुई। जो सुमराखेड़ा में चल रहे नर्मदा पाइपलाइन प्रोजेक्ट में मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि शाम के वक्त कंधे पर बांस की लकड़ी ले जाते समय वह अचानक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तारों की चपेट में आ गया। जोरदार करंट लगते ही उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ठेकेदार और परिजन डेड बॉडी लेकर तराना सिविल अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद मामला गहमागहमी का बन गया।
धरने पर बैठे विधायक महेश परमार ने इस घटना को महज एक हादसा मानने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने इसे ठेकेदार की घोर लापरवाही और सिस्टम की नाकामी करार दिया। उनका कहना था की जब तक पीड़ित परिवार को मुआवजा और जिम्मेदार ठेकेदार पर सख्त कानूनी कार्यवाई नहीं होती वह धरने पर इसी तरह बैठे रहेंगे। वहीं पुलिस ने डेडबॉडी को पीएम के लिए भेजा था। पुलिस का कहना है की पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्यवाई की जायेगी।--