शातिर चोर गिरोह गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपियों से तीन भैंसें समेत 16 लाख का माल बरामद
शातिर भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से चोरी की गयी तीन भैंसे और एक पाड़ी भी बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किये जाने वाला पिकअप वाहन भी जब्त किया। कुल सामान की कीमत 16 लाख 50 हजार रूपये बताई जा रही है। मामला उज्जैन जिले के खाचरोद थाना क्षेत्र के थड़ोदा से सामने आया है।
बताया जा रहा है की बीते महीने 19 और 20 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाश चार भैंसें चुराकर ले गए थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को भैंस चोरी की इस वारदात में देवीसिंह कटारा गैंग की संलिप्तता के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर रतलाम मार्ग पर नाकाबंदी की और घटना में शामिल पिकअप वाहन को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी वाहन से कूदकर फरार हो गए। जबकि गैंग के सरगना देवीसिंह उर्फ देवला कटारा और वाहन चालक नरेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने थडोदा क्षेत्र से भैंस चोरी करना कबूल किया। उनके कब्जे से चोरी की गई तीन भैंसें, एक पाड़ी और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है की गैंग अन्य पशु चोरी की घटनाओं में भी शामिल है या नहीं।