किसानों की अनोखी जुगाड़, कंधों पर ट्रांसफार्मर उठाकर ले गए ग्रामीण | SAGAR TV NEWS |
ग्रामीणों की परेशानी और सामूहिक एकता की तस्वीर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दर्जनभर से ज्यादा किसान और ग्रामीण खराब ट्रांसफार्मर को बांस के सहारे कंधों पर उठाकर खेत से बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो घोघरा ग्राम पंचायत क्षेत्र का है। खेत में धान की खड़ी फसल होने के कारण वाहन के पहुंचने का रास्ता नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही ट्रांसफार्मर उठाने का जिम्मा संभाल लिया। जानकारी के मुताबिक एमपी के सीधी जिले में खेतों के बीच लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। उसे वहां से निकालकर बाहर ले जाने के लिए वाहन पहुंचाना जरूरी था, लेकिन खेत में धान की फसल खड़ी होने के कारण रास्ता उपलब्ध नहीं था। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर ट्रांसफार्मर को बांस के सहारे उठाया और कंधों पर रखकर खेत से बाहर तक लेकर आए।
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में किसान एक साथ ट्रांसफार्मर को उठाकर आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। कोई बांस को कंधे पर संभाल रहा है, तो कोई पीछे से ट्रांसफार्मर को संतुलित करने में मदद कर रहा है। खेत में खड़ी धान की फसल के बीच ग्रामीणों की यह मशक्कत वीडियो में साफ दिखाई देती है। सामूहिक प्रयास का यह दृश्य सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक युवक वीडियो बनाता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि वीडियो में युवक स्थानीय बघेली भाषा में व्यंग्यात्मक अंदाज में गीत भी गा रहा है। गीत के जरिए ग्रामीणों की परेशानी और ट्रांसफार्मर को कंधों पर उठाकर ले जाने की स्थिति को सामने रखा गया है। वीडियो वायरल होने के बाद यह बघेली गीत भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और स्थानीय स्तर पर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। लेकिन वीडियो ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था, खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या जानकारी सामने रखता है। सीधी के इस वायरल वीडियो में जहां ग्रामीणों की एकजुटता और मेहनत दिखाई दे रही है, वहीं खेतों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल बघेली गीत के साथ वायरल हुआ यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।