Sagar- बेटी संग तैयार हो रही थी माँ, अचानक भरभराहट की आई आवाज, फिर छीन गया बसेरा | SAGAR TV NEWS |
सागर में बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। केशवगंज वार्ड में भारत कोरी के मकान की छत पर बना छप्पर बीते दिनों हुई बारिश के बाद अचानक भरभराकर गिर गया। हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। गनीमत रही कि उस समय भरत कोरी की पत्नी पार्वती अपनी बेटी के साथ नीचे आई हुई थीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पार्वती ने बताया कि अचानक तेज भरभराहट की आवाज सुनकर वह और उनकी बेटी डर गईं। जब वे बाहर निकलीं तो पड़ोसियों ने बताया कि उनके मकान का छप्पर गिर गया है। इसके बाद परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल अब रहने का खड़ा हो गया है।
भरत कॉस्मेटिक सामान की सप्लाई का काम करते हैं। परिवार में पति-पत्नी और चार बच्चे हैं, लेकिन इनके पास रहने के लिए महज 10×10 फीट की जगह है। इसी छोटे से कमरे में परिवार के रहने के साथ किचन, मंदिर, खाने-पीने का सामान और घरेलू जरूरत का सामान रखा है। ऊपर बना एक और कमरा और उसका छप्पर ही परिवार के लिए अतिरिक्त जगह थी, जो अब ढह चुका है।
परिवार की परेशानी यह भी है कि करीब तीन साल पहले पार्वती के नाम से कुटीर स्वीकृत हुई थी, लेकिन उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया। अब बारिश के बीच परिवार के सिर से छत का एक हिस्सा भी छिन गया है। छह लोगों का यह परिवार मदद और सुरक्षित आशियाने की उम्मीद में है।