Sagar- आशीर्वाद का दीया से जगमगाया सागर, चकराघाट पर दीपों की अद्भुत छटा, सुरों ने बांधा समां
सागर की लाखा बंजारा झील का चकराघाट गुरुवार शाम दीपों की रोशनी से ऐसा जगमगाया कि नजारा देखने वालों की नजरें ठहर गईं। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत चकराघाट पर 1.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि संजय ड्राइव सहित नगर निगम के सभी 48 वार्डों में मिलाकर पूरे शहर में 2.25 लाख से अधिक दीप जलाए गए। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम सागर की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के भव्य शुभारंभ का हिस्सा रहा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और नागरिकों को सेवा संकल्प से जोड़ना है।
चकराघाट पर घाटों को आकर्षक रंगोलियों और विद्युत सज्जा से सजाया गया। आटे से बनाए गए दीप झील में प्रवाहित किए गए, जिनकी रोशनी पानी में प्रतिबिंबित होकर बेहद मनमोहक दृश्य बना रही थी। मंदिरों, घाटों, एलिवेटेड कॉरिडोर और शहर के प्रमुख स्थानों पर की गई रोशनी ने आयोजन की भव्यता और बढ़ा दी। दीपों की जगमगाहट के बीच भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ। संत-महात्माओं और धर्मगुरुओं की मौजूदगी में मंत्रोच्चार और आरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद झील के मध्य हुई आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने बधाई, नौरता, बरेली और रास नृत्य जैसी प्रस्तुतियां देकर बुंदेली लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। वहीं जयपुर के सैनिया घराना के कलाकारों ने सितार, तबला, वायलिन और अन्य वाद्ययंत्रों की सुरमयी प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक शाम को खास बना दिया। चकराघाट पर बनाई गई विशाल रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरा गया था।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, संभाग आयुक्त दिलीप कुमार, सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल,निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे। लाखों दीपों की रोशनी से सजा सागर शहर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के जरिए सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश देता नजर आया।