Sagar -रात में सड़कों पर पुलिस का पहरा, 74 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ड्रंक एंड ड्राइव के 9 मामले पकड़े
सागर में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और शहर सहित जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सागर पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 74 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के जरिए कुल 37 हजार 800 रुपए का समन शुल्क वसूल किया।
चेकिंग के दौरान सबसे ज्यादा सख्ती शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर दिखाई गई। ड्रंक एंड ड्राइव के 9 मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें यातायात थाना और गौरझामर थाना में 2-2, जबकि कोतवाली, मोतीनगर, सिविल लाइन, खुरई और बरायठा थाना क्षेत्र में एक-एक कार्रवाई शामिल है। पुलिस ने सिर्फ शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि वाहनों में अनधिकृत हूटर, काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। जांच के दौरान ऐसे वाहनों से हूटर और काली फिल्म हटाई गई, जबकि नंबर प्लेट को निर्धारित नियमों के अनुरूप कराया गया।
वहीं, यातायात उप पुलिस अधीक्षक मयंक चौहान के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने अकेले 43 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 24 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किया। चेकिंग अभियान की खास बात यह रही कि पुलिसकर्मियों ने बॉडी वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया। इससे कार्रवाई को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिली। रात्रि गश्त पर रवाना होने से पहले पुलिस अधिकारियों ने बल की ब्रीफिंग कर संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए।
सागर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहनों में अनधिकृत हूटर या काली फिल्म का उपयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चेकिंग एवं रात्रि गश्त आगे भी जारी रहेगी।