Sagar- हम सब ने ये ठाना है शराब बंद कराना है, बुंदेली गीत गाकर शराब से दूर रहने की अपील
हम सब ने ये ठाना है शराब बंद कराना है गांव-गांव, गली-गली जाकर महिलाओं ने गीत गाये, नारे लगाए की शराब को बंद कराना है। क्षेत्र को नशामुक्त बना है। लोगों को शराब के प्रति जागरूक करना है ताकि परिवार बर्बाद न हों। सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में महिलाओं ने बुंदेली गीतों के जरिये नशामुक्ति की अलख जगाई। एक विशाल रैली निकाली गयी। जागरूक करते हुए लोगों को शराब से दूर रहने की अपील भी की गयी।
दरअसल कलेक्टर प्रतिभा पल के आदेशानुसार मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत नवांकुर संस्था सेक्टर- 3 बराज, जन चेतना ग्राम विकास समिति रानीपुरा द्वारा शाहगढ़ क्षेत्र के पलकाटोर, बगरोही बट्ठवाहा गांव में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें महिलाओं ने स्थानीय बुंदेली भाषा, लोकगीतों और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। महिलाओं ने बुंदेली अंदाज में नशा छोड़ने का संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। रैली के दौरान ग्रामीणों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई गई।
बताया गया की इस अभियान में आजीविका मिशन के कर्मचारियों, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं समेत स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महिलाओं की स्थानीय भाषा और पारंपरिक बुंदेली गीतों के माध्यम से दी गई जागरूकता ने अभियान को अनोखा और प्रभावी रूप दिया।