Sagar- किराना दुकान की गुप्त दराज से निकली शराब ! पुलिस ने अवैध शराब के साथ आरोपी पकड़ा
सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सागर जिले के बीना थाना पुलिस ने ग्राम मुड़िया में एक किराना दुकान पर दबिश देकर अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किराना दुकान की टेबल में बनाई गई गुप्त दराज में शराब छिपाकर उसका अवैध रूप से विक्रय कर रहा था। दरअसल, 18 सितंबर को बीना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुड़िया में एक किराना दुकान से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर दबिश दी।
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को टेबल में बनी गुप्त दराज मिली, जिसमें शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान महेश पिता मूलचंद्र राय, निवासी ग्राम मुड़िया नायक के रूप में की है। उसके कब्जे से 15 पाव 8PM अंग्रेजी शराब, 3 पाव Bagpiper अंग्रेजी शराब और 8 बियर की बोतलें बरामद की गईं। कुल मिलाकर 18 पाव अंग्रेजी शराब और 8 बियर बोतलें जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 हजार 200 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास शराब रखने या उसका विक्रय करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। सागर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।