वन्य जीवों का शिकार करने पहुंचे दो बंदूकधारी शिकारी पकड़े, दो टोपीदार बंदूकें जब्त, बाइक गिरने पर पकड़े गए
जंगल में वन्य जीवों का शिकार करने पहुंचे दो बंदूक धारी शिकारियों को वन विभाग टीम ने दबोच लिया। जबकि मौके का फायदा उठाकर दो शिकारी भाग निकले। आरोपियों के कब्जे से दो टोपीदार बंदूकें जब्त की गयी हैं। मुरैना जिले के पहाड़गढ़ के नवलपुरा वन क्षेत्र में रात के समय सर्चिंग के दौरान वन विभाग टीम ने कार्रवाई की।
बताया जा रहा है की रात के समय शिकारियों के पहुंचने की सूचना रेंजर आकाश तोमर को मिली थी। जिसके बाद वन विभाग की गश्ती टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। टीम को दो बाइकों की लाइटें जलती हुई दिखाई दीं। बाइकों के पास पहुंचते ही बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की। दोनों बाइकों पर चार लोग सवार थे जिनके पास बंदूकें थीं। इसी दौरान भागते समय एक बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक गिर गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बाइक सवार दो लोगों को पकड़ लिया। जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से भाग निकले।
पकड़े गए लोगों की तलाशी लेने पर दो टोपीदार बंदूकें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने वन्य जीव पर निशाना साधकर फायर करने की बात बताई। हालांकि, उनका निशाना चूक गया और वन्य जीव भाग गया। आरोपियों के मुताबिक वे उसी वन्य जीव का पीछा कर रहे थे। वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्य जीवों के शिकार से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। जबकि फरार साथियों की तलाश भी की जा रही है।-