Sagar- सड़क हादसे में तीन जिंदगियां खत्म, कार के उड़े परखच्चे, बस खंती में उतरी
सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों में मातम पसरा दिया। चनाटोरिया के पास तेज रफ्तार यात्री बस और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खंती में जा उतरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। कुछ ही देर में बहेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रामपुरा वार्ड निवासी 62 वर्षीय निर्मल उर्फ मुन्ना जैन, 46 वर्षीय प्रशांत जैन और हरियाणा निवासी 43 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल बस सूत्र सेवा की यात्री बस थी। टक्कर के बाद बस सड़क से उतरकर खंती में चली गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और घायलों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है