पथरी के ऑपरेशन के 6 दिन बाद महिला की बिगड़ी तबियत, रैफर के बाद हुई ख़त्म, परिजनों ने किया हंगा मा
एक निजी अस्पताल में महिला का पथरी का ऑपरेशन किया गया। जिसके करीब 6 दिन बाद अब महिला की अचानक से तबियत बिगड़ गयी और उसने दम तोड़ दिया। जिस पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल पहुंचकर हंगामा कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। बता दें की मुरैना जिले में स्थित श्रीराम अस्पताल में महिला का पित्त की थैली की पथरी का ऑपरेशन किया गया था। जहां छह दिन बाद 60 साल की महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में डॉक्टर ने उसे ग्वालियर रेफर किया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही अस्पताल के गेट पर उन्होंने दम तोड़ दिया। जिससे गुस्साए आक्रोशित परिजन बॉडी लेकर मुरैना के श्रीराम अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी।
ये पूरा मामला मुरैना में नेहरू पार्क के पास स्थित अस्पताल का है। सिंगल बस्ती निवासी राधाबाई को पेट में दर्द की शिकायत के बाद परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच में पित्त की थैली में पथरी सामने आई। जिसके बाद डॉक्टर अनुप गुप्ता ने बीते 12 सितंबर को महिला का ऑपरेशन किया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला को ब्लीडिंग शुरू हो गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज किया जा रहा था। बीते दिन अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया। परिजन वहां के लिए रवाना हुए लेकिन अस्पताल गेट पर ही राधाबाई की सांसे थम गई। जिसके बाद परिजन वापिस आये और हंगामा किया।
पुलिस की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने राजी हुए। महिला की जान जाने और परिजनों के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है। वहीं पीएम के बाद जान जाने की वास्तविक स्थिति पता चल सकेगी।--