सागर में दामोदर यादव की सभा से पहले बवाल। करणी सेना अध्यक्ष समेत कार्यकर्ता हिरासत में
आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव की सभा को लेकर शनिवार को एमपी के सागर में जमकर बवाल हुआ । करणी सेना के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा ने कार्यकर्ताओं और हिन्दू संगठनों के साथ दामोदर यादव की सभा का विरोध किया। जिसके बाद इन सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 19 सितंबर को दोनों नेताओं के सागर पहुंचने के बाद शहर में गहमागहमी का माहौल बन गया था। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
दरअसल दामोदर यादव और ओकेंद्र राणा के बीच सोशल मीडिया पर पिछले लंबे समय से एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दी जा रही थी। 19 सितंबर को सागर में आमने-सामने आने की बाते सामने आई थीं। इसके बाद शनिवार को जब दामोदर यादव सभा करने सागर पहुंचे, तो करणी सेना के कार्यकर्ता भी उनके कार्यक्रम का विरोध करने के लिए अलग-अलग स्थानों से शहर में पहुंचे।
यहां दामोदर यादव सबसे पहले सागर के धर्मश्री स्थित संविधान चौक पहुंचे, जहां उन्होंने सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संविधान में विश्वास रखने की बात कही और कहा, "जो भी संविधान को तोड़ेगा, हम उसे तोड़ेंगे।"
दामोदर यादव की सभा के दौरान हरियाणा से सागर पहुंचे करणी सेना के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भोपाल रोड से मोतीनगर चौराहे की ओर बढ़े। जैसे ही भीड़ मोतीनगर चौराहे के पास पहुंची, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है।
इसके बाद ओकेंद्र राणा, इंदल सिंह समेत अन्य करणी सेना कार्यकर्ताओं ने मोतीनगर थाने में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ओकेंद्र राणा और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने में बैठाया।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रशासन ने पहले उन्हें आश्वासन दिया था कि दामोदर यादव को सागर में सभा की अनुमति नहीं दी जाएगी। लेकिन बाद में सभा की अनुमति दिए जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।
बता दे सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही कई करणी सेना कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया था, जबकि कुछ को हिरासत में लिया गया। हरियाणा और मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के सागर पहुंचने की जानकारी के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चल रही तीखी बयानबाजी के बाद शनिवार को हुए सागर इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलचल बड़ा दी है।