एक पल में ज़िंदगी भर की कमाई मलबे के ढेर में तब्दील, बिना सूचना बिना नोटिस तोड़ा मकान,निगम पर आरोप !
एक पल में ज़िंदगी भर की कमाई मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। नगर निगम की टीम ने एक न सुनी और बिना सूचना और बिना नोटिस के जेसीबी चलाते हुए मकान को जमींदोज़ कर दिया। जिससे घर की गृहस्थी का सारा सामान भी दब गया। यहां तक की पूजा का मंदिर भी दब गया। ये आरोप परिवार के लोगों ने लगाए हैं। कार्यवाई उज्जैन जिले के खजूरवाली मस्जिद के पास स्थित एक मकान पर की गयी। बुलडोजर की इस कार्यवाई को लेकर भारी हंगामा भी हुआ।
आरोप है की निगम की टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना और चेतावनी के अचानक जेसीबी चलाकर रिहायशी मकान कोक ध्वस्त कर दिया। पीड़ित मकान मालिक ने निगम प्रशासन पर तानाशाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा की उन्हें संभलने और अपने घर से सामान तक निकालने का मौका नहीं दिया गया। जिससे उनकी जिंदगी भर की कमाई मलबे के ढेर में तब्दील हो गई।
मकान मालिक ओमप्रकाश पोरवाल के मुताबिक नगर निगम का अमला दल-बल के साथ जेसीबी लेकर उनके मकान पर पहुंचा। उस वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। आसपास के रहवासियों ने फोन कर कार्रवाई की खबर दी तो उनके होश उड़ गए। जब तक वे भागते हुए मौके पर पहुंचे। तब तक जेसीबी से उनके आशियाने का एक बड़ा हिस्सा ढहाया जा चुका था। पोरवाल ने दर्द बयां करते हुए बताया की उनका परिवार भले ही कृष्णा कॉलोनी में रहता हो।
लेकिन उनकी करीब 80 साल की बुजुर्ग मां इसी मकान में निवास करती थीं। उन्होंने कहा की निगम की कार्रवाई के चलते घर के अंदर रखा पूरा गृहस्थी का सामान, कीमती वस्तुएं और घर में स्थापित पवित्र मंदिर भी मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया। पोरवाल बोले की उन्हें पहले से अगर नोटिस या सूचना दी जाती तो जरूरी सामान और मंदिर सुरक्षित निकाल पाते। पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई है।