चलती कार में लगी आग ! आग के बाद हुआ धमा का, CCTV में कैद हुआ मंजर
एमपी के रतलाम जिले के नामली से सड़क हादसे का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है। शनिवार रात पल्दूना फंटा के पास तेज रफ्तार फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलट गई और कुछ ही सेकंड में उसमें आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद कार में धमाका भी हुआ।
हादसे का पूरा घटनाक्रम फोरलेन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। CCTV वीडियो में दिखाई देता है कि कार तेज रफ्तार से सड़क पर आगे बढ़ रही थी। पल्दूना फंटा के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ता है और वह डिवाइडर से जा टकराती है। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलटती हुई आगे बढ़ती है और देखते ही देखते आग की चपेट में आ जाती है।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस बड़े हादसे में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि कार में सवार पांचों लोग समय रहते बाहर निकल आए। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग पीथमपुर से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि कार क्रमांक MP09 CP 1145 को सचिन सोधिया चला रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पल्दूना फंटा के पास स्पीड ब्रेकर देखकर अचानक ब्रेक लगाने के दौरान कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही नामली थाना प्रभारी अमित कोरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पांचों घायलों को तत्काल नामली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं आग लगने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। CCTV फुटेज अब इस हादसे की भयावह तस्वीर सामने ला रहा है। फिलहाल नामली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार सवारों से पूछताछ कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।