सागर- शराब दुकान में घुसकर जमकर तोड़-फोड़, 25 लाख की शराब फेंकी, पुलिस पहुंची तो मची अफरा-तफरी !
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में हुई दुखद शराब घटना के ज़ख्म अभी भरे नहीं हैं। दूसरी तरफ बीना थाना क्षेत्र में शराब दुकान में घुसकर जमकर हंगामा किया गया। लोगों ने शराब की बोतलें फेंकना शुरू करते हुए तोड़फोड़ मचा दी। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं ने बोतलें और पाव निकाल-निकाल कर तोड़ दिये। कैमरों को नुक्सान पहुंचाया। अंदर रखा हुआ अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ये तस्वीरें बीना के बारधा गांव से सामने आई है। जहां शराब दुकान को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है की दुकान संचालक को लाखों का नुक्सान हुआ है। मैनेजर ने 20 से 25 लाख के नुक्सान की बात कही। वहीं सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए।
दरअसल बंडा क्षेत्र में हुई दुखद जहरीली शराब कांड की घटना के बाद सागर जिले में अवैध शराब और शराब दुकानों को लेकर हंगामा और संग्राम छिड़ा हुआ है। इसी बीच बीना के बारधा गांव में लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। शराब दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दी। बड़ी संख्या में शराब की बोतलें भी तोड़ दी।
बताया गया की बारधा गांव में शराब दुकान को लेकर अचानक हंगामा मच गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण दुकान पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने शराब की बोतलें तोड़ दीं और दुकान में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही एसडीओपी अजय कुमार सनकत, थाना प्रभारी अनूप यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को हटाया।
इसको लेकर महिलाओं का कहना था की गांव में शराब दुकान होने से आए दिन घरों में विवाद होते हैं। इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा है। वहीं शराब दुकान के मैनेजर राहुल सेन का आरोप है की करीब 20 से 25 लाख रुपए की शराब तोड़ी गई। साथ ही 40 से 45 हजार रुपए भी गायब हैं। मैनेजर ने सरपंच राम नरेश सिंह राजपूत पर दुकान चलाने एक लाख रुपए मांगने का आरोप भी लगाया है। हालांकि सरपंच ने सभी आरोपों को निराधार बताया।