फायनेंस वाहनों के पार्ट्स की खरीद फरोख्त, बोलेरो पिकअप के 5 इंजन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम को ऐसे मामले का खुलासा करने में सफलता हाथ लगी है। जहां फाइनेंस की गाड़ियां सेकंड या थर्ड ओनर से खरीदने के बाद फाइनेंस की राशि जमा न कर उनके पार्ट्स अलग-अलग लोगों को बेचे जा रहे थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पांच बोलेरो पिकअप के वाहन बरामद किये। साथ ही लोडिंग ऑटो भी जब्त किया है। कार्यवाई एमपी की खंडवा जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने की है। जहां वाहनों के पार्ट्स की खरीद-फरोख्त का मामला उजागर हुआ।
एसपी अगम जैन के निर्देशन में एडिशनल एसपी शहर महेंद्र तारणेकर और सीएसपी अभिनव बारंगे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य को 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी की कुछ लोग चोरी के वाहन इंजनों को लोडिंग ऑटो में ले जाकर बेचने की तैयारी में हैं। जिस पर पुलिस ने लौहारी नाका पर नाकाबंदी की। संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
उसमें सवार दो युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम अमान चौहान उम्र 24 साल, निवासी गुलमोहर कॉलोनी, खंडवा और तौफिक शेख उम्र 22 साल निवासी सलूजा कॉलोनी, खंडवा बताए। तलाशी के दौरान लोडिंग ऑटो से तीन बोलेरो पिकअप के इंजन मिले। जिनके वैध दस्तावेज उनके पास नहीं थे। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर दो अन्य बोलेरो पिकअप के इंजन भी बरामद किये गए। पुलिस ने कुल पांच इंजन जब्त किए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फाइनेंस पर लिए गए वाहनों को सेकंड या थर्ड ओनर से खरीदते थे। इसके बाद फाइनेंस कंपनी की राशि का भुगतान न करने के बाद वाहनों के पार्ट्स अलग-अलग लोगों को बेच दिए जाते थे। पुलिस अन्य आरोपियों और इस नेटवर्क में शामिल संभावित अन्य लोगों की तलाश में जुट गयी है।