अवैध हथियार के साथ धरा गया युवक निकला बिजली तार चोरी का आरोपी, पुलिस ने चाकू जब्त कर भेजा जेल
अवैध हथियार के साथ पुलिस ने एक युवक को दबोचा। जब पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सामने आया की वह बिजली विभाग के तार चोरी के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहा था। कार्यवाई उज्जैन जिले की महिदपुर पुलिस ने की है। जहां गश्त के दौरान चाक़ू के साथ तार चोरी का आरोपी धरा गया।
दरअसल उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा द्वारा जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी को लेकर एडिशनल एसपी ग्रामीण करणदीप सिंह और महिदपुर एसडीओपी ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा के मार्गदर्शन में, महिदपुर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। तभी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली की गिट्टी खदान के पास चौरवासा रोड मोड़ पर एक संदिग्ध व्यक्ति धारदार हथियार लेकर घूम रहा है।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी नागेश्वर उर्फ कालू उम्र 21 साल निवासी टांडा गांव को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से लोहे और स्टील की पॉलिश वाला एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी नागेश्वर से कढ़ाई से पूछताछ की तो एक और खुलासा हुआ। सामने आया की आरोपी बीते 7 जुलाई 2026 की रात को ट्रांसपोर्ट नगर महिदपुर से विद्युत लाइन के एल्युमिनियम तार चोरी करने की वारदात में शामिल था। वह करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहा था।
बता दें की इस मामले में आरोपी के तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि नागेश्वर लगातार फरार था। जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद उप जेल महिदपुर भेजा गया है।