सागर- छाता वाले बाल गणेश बने आकर्षण का केंद्र, 13 साल से जारी भव्य गणेश उत्सव | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर के अंबेडकर वार्ड स्थित धरमपुरा क्षेत्र में इन दिनों गणेशोत्सव की भव्यता देखते ही बन रही है। यहां श्री वक्रतुंड बाल गणेश समिति द्वारा भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा विराजित की गई है। खास बात यह है कि इस वर्ष छाता लगाए हुए बाल गणेश की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। धरमपुरा क्षेत्र में श्री वक्रतुंड बाल गणेश समिति पिछले करीब 13 वर्षों से लगातार गणेश उत्सव का आयोजन करती आ रही है। हर साल समिति द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ अलग-अलग थीम पर आकर्षक झांकियां सजाई जाती हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस वर्ष बाल गणेश की प्रतिमा को विशेष रूप से सजाया गया है। भगवान गणेश के ऊपर छाता और आकर्षक साज-सज्जा श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक क्षेत्र और आसपास के इलाकों से लोग यहां पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। समिति अध्यक्ष कार्तिक जाट ने बताया कि 10 दिवसीय गणेश उत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
कार्यक्रमों में रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ, बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य प्रतियोगिता, महाआरती, छप्पन भोग और विशाल भंडारे का आयोजन प्रमुख रूप से शामिल है। समिति सदस्यों के मुताबिक, गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। धरमपुरा का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि बच्चों और युवाओं की भागीदारी के चलते क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल भी देखने को मिल रहा है। 13 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है।