चीन में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप में MP की बेटी का परचम, 5 गोल दाग कर बनाया विजेता
चीन में आयोजित महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 में एमपी की एक बेटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल किए और भारतीय टीम को लगातार तीसरी बार एशिया कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब ये बेटी वापिस अपने गृह नगर पहुंची तो नगरवासियों ने उत्साह के साथ उसका भव्य स्वागत किया। एक विशाल रैली भी निकाली गई। ये तस्वीरें मुरैना जिले के अम्बाह की हैं। जहां महिला जूनियर हॉकी एशिया कप 2026 की विजेता भारतीय टीम की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और चंबल की बेटी कृष्णा शर्मा अम्बाह पहुंचीं थी। जहां से उसके पैतृक गांव बरवाई तक भव्य स्वागत रैली निकाली गई। करीब तीन घंटे चली रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने कृष्णा का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से स्वागत किया।
चीन में आयोजित महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में कृष्णा शर्मा ने 5 गोल दागे और भारतीय टीम को लगातार तीसरी बार एशिया कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुरैना पहुंचते ही महापौर शारदा सोलंकी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुरैना तिराहे से स्वागत में रैली शुरू हुई। जो उसके पैतृक गांव बरवाई स्थित पंडित रामप्रसाद बिस्मिल पार्क पहुंची। जहां कृष्णा ने पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में सरपंच रामनरेश शर्मा ने कृष्णा शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने उसकी उपलब्धि को पूरे चंबल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया और उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ ही लोगों से बेटियों को पढ़ाने, खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को पूरा अवसर देने की बात कही। तो कृष्णा ने भी सभी का आभार जताते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों, प्रशिक्षकों ग्वालियर हाॅकी अकादमी और भारतीय टीम के सभी सदस्यों को दिया।-