सागर- घबराई हुई पुलिस के पास पहुंची युवतियां,17 हजार से भरा पर्स ऑटो में गिरा,फिर तीसरी आंख से ढूंढ निकाला
सागर की रहने वाली दो युवतियां बेहद परेशान और घबराई हुई थी। जो हड़बड़ाहट में पुलिस के पास पहुंची और बताया की ऑटो में उनका पर्स गिर गया है। जिसमें उनकी मेहनत की कमाई 17 हजार रूपये रखे हुए हैं। कंट्रोल रूम पुलिस ने तत्काल तीसरी आंख की मदद ली। और आखिरकार खोजबीन के बाद युवतियों का पर्स उन्हें वापिस मिल गया। जिसके बाद उनके चेहरे दोबारा से खिल उठे। उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की साथ ही पुलिस के आभार व्यक्त किया।
सागर पुलिस कंट्रोल रूम की CCTV टीम ने सूझबूझ, तकनीकी दक्षता और तत्परता का परिचय देते हुए ऑटो में छूटे 17 हजार रूपये नगद से भरे पर्स को बरामद कर युवतियों को वापस सौंपा।
जानकारी के मुताबिक दो युवतियां कबूला पुल से ऑटो में बैठकर कटरा जाने रवाना हुई थीं। मस्जिद के पास एक मिठाई दुकान के सामने उतरते समय उन्होंने अपने बड़े पर्स से एक छोटा पर्स निकाला। जिसमें 17 हजार रूपये रखे हुए थे। थे। जो अनजाने में ऑटो में ही गिर गया। युवतियां बड़ा पर्स लेकर बाजार चली गईं। लेकिन जब वापिस घर पहुंची तो देखा की रूपये वाला छोटा पर्स गायब है। वह घबराई हुई। कटरा ट्रैफिक थाने पहुंचीं। जहां से उन्हें कंट्रोल रूम के प्रभारी एसआई आरकेएस चौहान के पास भेजा गया। उन्होंने एडिशनल एसपी को अवगत कराते हुए उनकी मदद की। तत्काल CCTV टीम को सक्रिय किया। वहां पदस्थ रेखा रजक को ऑटो की तलाश और संबंधित CCTV फुटेज खंगालने की जिम्मेदारी दी गई। जहां कबूला पुल के पास से ऑटो में बैठने से लेकर मिठाई दुकान के पास तक उतरते हुए कैमरे खंगाले गए। जिसमें नज़र आया की छोटा वाला पर्स ऑटो में ही गिर गया था। उसके नंबर से रजिस्ट्रेशन और ऑटो की पहचान कर मोबाइल नंबर हासिल किया। लेकिन वह वास्तविक मालिक का नहीं था। जिसके बाद कैंट थाना पुलिस की मदद से ऑटो चालक के घर पहुंचकर तलाश ली गयी। जहां से पर्स बरामद किया गया। 17 हजार नगदी को कंट्रोल रूम लाकर दोनों युवतियों को सौंपा गया। खोई हुई रकम पाकर उनका चेहरा खिल गया। जिस पर उन्होंने पुलिस की सराहना कर आभार व्यक्त किया।