सागर- एक साथ कई बैंकों में पहुंची पुलिस टीमें, लोगों से की पूछताछ, फिर बैंक को दिए निर्देश
सागर जिले के सभी अलग-अलग बैंकों में एक साथ पुलिस बल पहुंचा। जिससे वहां मौजूद लोग कुछ समय के लिए सकते में आ गए। पुलिस ने बैंकों में पहुंचकर वहां की तमाम व्यवस्थाएं देखी। बल्कि यहां आने वाले कस्टमरों से भी बातचीत की उनसे पूछा की वो यहां किसके साथ कैसे और किस काम से आये हैं। इसके अलावा सुरक्षा मानकों को लेकर भी पुलिस ने जानकारी जुटाई।
दरअसल सागर एसपी अनुराग सुजानिया के निर्देश पर सागर जिले में बैंक और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों की एक साथ जांच की गयी। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में सुरक्षा जांच की। जहां पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और बीट प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंक परिसरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान CCTV कैमरों की स्थिति और कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज, रिकॉर्डिंग, बैकअप व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता, अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, स्ट्रांग रूम साथ ही कैश संबंधी सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन को बैंक परिसर और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर जरूरी जानकारी दी। विशेष तौर पर CCTV कैमरों की उचित दिशा और कवरेज, रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, सुरक्षा गार्डों की सतर्कता के अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई।
सम्बंधित अधिकारीयों और बीट प्रभारियों ने सम्बंधित बैंक अधिकारीयों से मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया। ताकि सुरक्षा संबंधी या आपातकाल के समय जरूरी सूचना आसानी से पुलिस तक पहुंचाई जा सके। जो भी कमियां मिली उन्हें पुलिस ने दूर करने की बात करते हुए समन्वय बनाने की बात कही।-