चड्डी-बनियान गैंग का खुलासा, 9 लाख का सोना-चांदी बरामद; 2 गिरफ्तार, 5 फरार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के आगर-मालवा पुलिस ने चोरी की वारदातों की जांच करते हुए कथित चड्डी-बनियान गिरोह के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया है। अटल कॉलोनी में हुई चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की वारदातों से जुड़ा करीब 9 लाख रुपये कीमत का सोना-चांदी बरामद किया गया है। वहीं पुलिस के मुताबिक गिरोह के पांच अन्य सदस्य अभी फरार हैं। मामला अटल कॉलोनी में 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात हुई चोरी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने एक सुनसान मकान को निशाना बनाया और ताला तोड़कर घर में दाखिल होने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की।
जांच में CCTV कैमरे पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुए। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक लगे 250 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने के लिए कई टोल नाकों से भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर धार जिले के छढ़ावत निवासी कैल सिंह तक पुलिस पहुंची और उसे 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को आगर की विनायक सिटी और अरिहंत वैली में पिछले साल हुई चोरी की वारदातों से जुड़े सुराग भी मिले। पुलिस रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अलीराजपुर जिले के ग्राम पोहा में दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार वहां से रायकु को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से करीब साढ़े 4 तोला सोना और 650 ग्राम चांदी बरामद की गई। पुलिस ने बरामद माल की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई है। अब पुलिस की नजर फरार पांच आरोपियों पर है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। एसपी दिलीप कुमार सोनी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि CCTV फुटेज, टोल नाकों से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ कथित गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।