सागर इन होटल में लापरवाही, ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़! किचन में गंदगी, रोटियां इस हाल में
सागर शहर के सिविल लाइन स्थित होटल सागर इन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम छापामार कार्रवाई में बड़ी अनियमितताएं सामने आई है, जिसमे पाया गया यही होटल प्रबंधन के द्वारा किस तरह से ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ चल रहा था जांच के दौरान होटल के किचन में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। यहां रोटियों को न्यूज पेपर में लपेटकर रखा जा रहा था, जबकि खाद्य पदार्थों को इस तरह रखना प्रतिबंधित है। किचन की स्थिति देखकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता की कितना ध्यान रखा जा रहा था,
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह के मुताबिक निरीक्षण के दौरान किचन की कई जगहों पर जालियां नहीं लगी मिलीं, जिससे कीड़े-मकोड़ों के प्रवेश का खतरा बना हुआ था। रोटियां रखने वाला बर्तन भी बेहद गंदा और खराब स्थिति में पाया गया। वहीं किचन की दीवारों पर तेल की मोटी परतें जमी हुई थीं, जो लंबे समय से साफ-सफाई में लापरवाही की ओर इशारा करती हैं।
जांच के दौरान डीप फ्रीजर में कच्चे और पके हुए खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे मिले। इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा बढ़ सकता है। इतना ही नहीं, होटल प्रबंधन कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेज भी टीम के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।
निरीक्षण में मिली इन गंभीर कमियों और अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत **कारण बताओ और सुधार नोटिस** जारी किया जा रहा है। अब देखना होगा कि नोटिस के बाद होटल प्रबंधन स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों को लेकर कितनी गंभीरता दिखाता है।