गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी में डूबे तीन युवक, दो को बचाया एक लापता, तलाश जारी
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिससे लोग सन्न रह गए। दरअसल तीन युवक विसर्जन के समय गहरे पानी में जाने से डूबने लगे जिनमे से दो युवकों को तो बचा लिया गया लेकिन एक युवक लापता हो गया। जिसकी तलाश जारी थी। घटना मुरैना जिले के दिमनी क्षेत्र के क्वारी नदी से सामने आई है। बताया गया की हादसे की सूचना मिलते ही दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गयी। वहीं SDERF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसने नदी में सर्चिंग शुरू की। घटना सोमवार के रात के समय की है। जहां अंधेरा ज्यादा होने से रेस्क्यू में परेशानी जा रही थी। रात में लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
मिली जानकारी के मुताबिक दिमनी गांव में गणेश प्रतिमा का पंडाल सजाया गया था। सोमवार शाम करीब छह बजे ग्रामीण गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने दिमनी स्थित क्वारी नदी के पुल के नीचे पहुंचे। विसर्जन के दौरान विजयपाल माहौर, उम्र करीब 35 साल, हरिओम माहौर और बंटी माहौर नदी के गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान तीनों युवक पानी में डूबने लगे। साथियों ने हरिओम और बंटी माहौर को किसी तरह पानी से बाहर निकाल लिया। लेकिन विजयपाल माहौर का पता नहीं चल सका। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। दिमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीण गोताखोरों की मदद से विजयपाल की तलाश शुरू कराई। सर्चिंग को तेज करने SDERF की टीम को भी बुलाया गया। काफी देर तक युवक की पतासाजी की गयी लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। खबर पढ़े जाने तक रेस्क्यू टीम द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी।