अकाउंटेंट के घर 30 लाख की चोरी का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार; 10 लाख के गहने बरामद | SAGAR TV NEWS
एमपी के मुरैना में शराब फैक्ट्री के अकाउंटेंट के घर हुई करीब 30 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने राजस्थान के मनिया क्षेत्र से जुड़े दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद करने का दावा किया गया है। वहीं वारदात में शामिल तीसरा आरोपी राजा खान अभी फरार है। मामला मुरैना के नैनागढ़ रोड स्थित काली माता मंदिर के पास का है। यहां रायरू बीयर फैक्ट्री में अकाउंटेंट राहुल गुप्ता किराए के मकान में रहते हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर राहुल अपनी पत्नी पिंकी के साथ पोरसा स्थित ससुराल गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक चोरों ने महज 18 मिनट में मुख्य दरवाजे से लेकर तीन कमरों के ताले काटे और सोने-चांदी के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। करीब 20 दिन तक चली पड़ताल में संदिग्धों की पहचान के बाद पुलिस टीमों को मुरैना-ग्वालियर के साथ राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक भेजा गया। जांच के दौरान एक CCTV फुटेज में दो संदिग्धों के चेहरे साफ नजर आए। इनमें से एक का हुलिया चोरी के दौरान घर में दिखाई दिए आरोपी से मेल खा गया। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के विरपुर गांव से नस्सो उर्फ नसरुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके भाई वीडियो उर्फ अरमान और साथी राजा खान के साथ चोरी करने की जानकारी सामने आई। बाद में वीडियो को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों से सोने की चूड़ियां, टॉप्स, झुमकी सेट, एक पुरुष और एक महिला की अंगूठी, चांदी की 22 बिछिया, पांच चांदी के सिक्के और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हालांकि चोरी के पूरे माल की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया कि एफआईआर में बताई गई पूरी मात्रा में गहने उन्होंने चोरी नहीं किए। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। फिलहाल फरार आरोपी राजा खान की तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने के बाद चोरी के बाकी माल और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।