केमिकल टैंकर से रिसाव, 200 मीटर तक आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी | SAGAR TV NEWS |
एमपी के उज्जैन जिले के नागदा से सोमवार दोपहर केमिकल टैंकर में रिसाव की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बिरला ग्राम मुख्य मार्ग पर खड़े केमिकल से भरे टैंकर से अचानक रिसाव होने लगा, जिसके बाद आसपास के करीब 200 मीटर क्षेत्र में लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने की जानकारी सामने आई। घटना ग्रेसिम उद्योग के स्टेपल फाइबर डिवीजन के पावर हाउस गेट के बाहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक केमिकल से भरा टैंकर उद्योग में प्रवेश करने से पहले मुख्य मार्ग पर खड़ा था। इसी दौरान टैंकर से अचानक केमिकल का रिसाव शुरू हो गया।
रिसाव की सूचना मिलते ही ग्रेसिम उद्योग का सुरक्षा विभाग तत्काल सक्रिय हुआ। सुरक्षा टीम ने टैंकर को मुख्य मार्ग से हटाकर उद्योग परिसर के भीतर पहुंचाया और रिसाव को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैंकर में एसिटिक एसिड होने की बात सामने आई है, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए टैंकर में मौजूद केमिकल की वास्तविक प्रकृति और रिसाव के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। रिसाव के चलते बिरला ग्राम मुख्य मार्ग के करीब 200 मीटर के दायरे में लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने की सूचना मिली। घटना के बाद एहतियात के तौर पर मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक रोक दिया गया।
मौके पर बिरला ग्राम पुलिस को तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा विभाग द्वारा रिसाव पर काबू पाने के बाद इलाके में स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर टैंकर से केमिकल का रिसाव किस वजह से हुआ और टैंकर में वास्तव में कौन सा केमिकल मौजूद था। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। घटना में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि केमिकल रिसाव के कारण लोगों को हुई परेशानी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।